चंदौसी(संभल)। रेलवे स्टेशन पर वेटिंग रूम न होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अमृत योजना के तहत पुराने वेटिंग रूम को ध्वस्त करके नया बनाने का काम शुरू हुए करीब दो साल हो चुके हैं। लेकिन निर्माण की सुस्त रफ्तार के कारण आज भी नया वेटिंग रूम निर्माणाधीन है। स्थिति यह है कि ठिठुरन भरी ठंड में महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे खुले प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।
चंदौसी रेलवे स्टेशन से रोजाना एक दर्जन से अधिक एक्सप्रेस व लोकल ट्रेनें गुजरती हैं। हर रोज पांच से छह हजार यात्रियों की आवाजाही रहती है। इसको देखते हुए रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया था। योजना के तहत दिसंबर 2023 से स्टेशन के कायाकल्प का काम शुरू हुआ था, लेकिन दो साल बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अब भी अधूरा है। मुख्य द्वार का विकास, फुट ओवरब्रिज, वेटिंग रूम आदि कार्य अब तक पूरे नहीं हुए। सबसे बड़ी परेशानी यात्रियों को वेटिंग रूम के न होने की वजह से झेलनी पड़ रही है।
दिसंबर की कड़ाके की ठंड में हालात और भी मुश्किल हो जाते हैं। रात में ट्रेन लेट होने पर यात्री खुले परिसर में ही सामान के पास लेट जाते हैं, जिससे सामान चोरी होने का डर अलग बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि रेलवे ने सर्दी को देखते हुए वैकल्पिक वेटिंग रूम की व्यवस्था तक नहीं की, जिससे यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन कायाकल्प का कार्य चल रहा है। जल्दी ही वेटिंग रूम का निर्माण करा दिया जाएगा। किसी भी प्रकार से यात्रियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।