कहां है लॉक डाउन- चंदौसी मंडी समिति में सुबह 6.30 बजे यह था दृश्य।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नगर के सरकारी अस्पतालों व बैंकों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। जनसेवा केंद्रों पर इसका उल्लंघन बदस्तूर जारी है। इससे संक्रमण फैलने का अंदेशा ज्यादा है। गुरुवार को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सर्वे के लिए बनाई गईं टीमों ने दूसरे दिन भी सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाईं। दर्जनों की संख्या में मौजूद महिलाएं और पुरूषकर्मी एक दूसरे से सटे खड़े नजर आए।
यह टीमें हॉट स्पॉट सील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सर्वे करेंगी। इसमें एएनएम, आशा कार्यकर्ता, अध्यापक व अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है। बुधवार को जिला अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। इसके बाद गुरुवार को भी यही हाल नजर आया। जिम्मेदार इन कर्मचारियों को समझा नहीं रहे हैं। जबकि लॉक डाउन किया ही इसलिए गया है कि लोगों में शारीरिक दूरी बने जिससे संकी्रमण फैलने का खतरा कम हो जाए।
स्वास्थ्य विभाग इसके लिए लगातार अपील कर लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा है लेकिन स्वास्थ्य सर्वे में लगे कर्मचारियों पर कोई ध्यान नहीं है। वहीं दूसरी ओर बैंक के बाहर और जनसेवा केंद्रों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। जनधन खातों में आई सरकार की ओर से राशि को निकालने के लिए महिलाएं जनसेवा केंद्रों पर भीड़ लगा रही हैं।