संभल। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार मजबूती से बनेगी और वहां की जनता सांप्रदायिक ताकतों को सफल नहीं होने देगी। यह कहना है संभल के सपा सासंद जियाउर्रहमान बर्क का।
बुधवार को सांसद ने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए की सांप्रदायिक ताकतें कितना भी जोर लगा लें, वे कामयाब नहीं हो पाएंगी। ममता बनर्जी सर्व समाज को साथ लेकर काम करती हैं और जमीनी स्तर पर उनकी लोकप्रियता है। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि हम बंगाल को काबा की धरती नहीं बनने देंगे, सांसद ने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री को दूसरे मजहब का अपमान करने का अधिकार नहीं है। काबा शरीफ दुनिया भर के मुसलमानों के लिए एक पवित्र धार्मिक स्थल है। कहा कि राजनीति में मजहब को घसीटना नहीं चाहिए। सांसद ने कहा कि हमारा देश लोकतांत्रिक है और सभी धर्म के लोग रहते हैं। संवाद