संभल। बुनियादी सुविधाओं का अभाव देखना हो तो नगर पालिका के मोहल्ला नवादा वार्ड- 13 में जाइए। जहां पर आपको सुविधाओं के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति नजर आएगी। मोहल्ले में आपको न तो बिजली के खंभे नजर आएंगे और न ही पानी की व्यवस्था है। खंभे न होने की वजह से लोगों ने 100-100 मीटर तक केबल डालकर घरों तक आपूर्ति की व्यवस्था कर रखी है। तेज हवा चलने पर केबल टूट जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। पीने के पानी की बात करें तो घरों तक कंप्रेशर नहीं पहुंच पाता। लोगों को घर से बाहर लगी टंकियों से पानी भरना पड़ता है। ऐसी जिदंगानी व्यतीत कर रहे लोगों में गुस्सा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय सभासद हो या चेयरमैन कोई सुनने को तैयार नहीं हैं। वोट लेने के दौरान तमाम वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में भूल जाते हैं। गर्मी के मौसम में पानी तक की किल्लत हैं। मोहल्ले में एक वाटर कूलर है, जो ठंडा पानी नहीं देता।
-सबसे बड़ी समस्या पानी की है। पानी नहीं मिल पाता। सप्लाई मिलती है, लेकिन काफी स्लो रहती है। नाली किनारे बैठकर पानी भरना पड़ता है। कई बार इसकी शिकायत सभासद से की है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। -महबूवन-घर तक बिजली की आपूर्ति के लिए करीब 100 मीटर केबल लगाना पड़ा है। इसके बाद आपूर्ति मिलती है, लेकिन तेज हवा चलने पर केबल में फॉल्ट हो जाता है और केबल टूट जाता है। इससे आपूर्ति गुल हो जाती है। -मसरुर
-मोहल्ले में पीने के पानी की समस्या अधिक है। एक वाटर कूलर है, इससे पूर्ति नहीं हो पाती। गर्मी में अधिक पानी की जरुरत रहती है लेकिन पूरी नहीं हो रही है। इसका समाधान होना चाहिए। -मोहसिन
-मोहल्ले की कई सड़कें खराब हैं। बारिश में पानी भर जाता है। फिर निकलने में दिक्कत होती है। कई बार हादसे भी हो जाते हैं। लंबे समय से यह समस्या है लेकिन समाधान आज तक नहीं हो सका है। समाधान होना चाहिए। -शबाना