संभल। नगर के सभी एटीएम बैंकों की शाखाएं बंद होते ही जवाब दे जाते हैं। लोग कैश निकालने के लिए भटकते रहते हैं। यह अव्यवस्था काफी समय से चली आ रही है। लोगों को बैंक बंद होने के बाद कैश मिलना मुश्किल हो जाता है। रविवार को नगर के आर्य समाज मार्ग के तमाम एटीएम शोपीस के रूप में नजर आए। कुछ एटीएम में ताला लगा था तो कुछ में कैश नहीं था। बरेली सराय में लगे एटीएम भी कैश न होने से सुनसान नजर आए।
इस दौरान काफी लोग कैश निकालने के लिए भटकते रहे। यह समस्या बैंक शाखाएं बंद होने के साथ ही शुरू हो जाती है। बैंक बंदी में एक दिन भी एटीएम कैश नहीं दे पाते। जबकि ज्यादातर एटीएम में कैश भरने की जिम्मेदारी निजी संस्थाओं को दी हुई है। इसके बाद भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। कैश नहीं मिलने पर लोगों में रोष नजर आया। यही हाल शनिवार को भी एटीएम का रहा।
शनिवार को भी काफी संख्या में लोग कैश निकालने के लिए भटके लेकिन कहीं कैश नहीं मिला। जहां एक ओर बैक शाखाएं ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को सहूलियत देने का प्रयास कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर संभल में एटीएम से कैश तक नहीं मिल रहा। जबकि नगर के साथ आसपास का ग्रामीण क्षेत्र जुड़ा हुआ है। इसके बाद भी सहूलियत नहीं दी जा रही।