संभल। जिले में कोरोना संक्रमण के नौ नए मामले सामने आए हैं। अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 361 हो गई। संक्रमित पाए गए मरीजों में एक प्रवासी और आठ लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से बीमार हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की तलाश में जुट गई हैं। जिससे उन्हें क्वारंटीन कर जांच कराई जा सके। गुन्नौर कस्बा निवासी आयुर्वेदिक चिकित्सक 29 जून को कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
अब इनकी बहन, पत्नी और माता-पिता कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनकी रिपोर्ट गुरुवार की शाम आई तो स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंच गई। टीम ने चिकित्सक के परिजनों को कोरोना संक्रमित होने के बाद उपचार के लिए भेजा। वहीं हयातनगर निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। यह व्यक्ति बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी हैं और मीटर रीडर के पद पर कार्य करते हैं। अचानक आए बुखार के बाद कोरोना की जांच कराई अब संक्रमित पाए गए हैं। कहां संक्रमित हुए इसकी जानकारी नहीं है। चंदौसी के मोहल्ला पंजाबी कालोनी निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण पाया गया है।
संक्रमित कहां से हुए इसकी जानकारी नहीं है। खुर्जा गेट निवासी 36 वर्षीय दुकानदार में संक्रमण पाया गया है। यह दुकानदार मुरादाबाद गेट में पकौड़ी का ठेेला लगाने वाले कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में रहा था। इसी मोहल्ला के 35 वर्षीय व्यक्ति नोएडा से लौटा है। इनमें संक्रमण पाया गया है। यह व्यक्ति नोएडा की बड़ी आईटी कंपनी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। वहीं चंदौसी के कस्बा नरौली निवासी 45 वर्षीय मिठाई विक्रेता में संक्रमण पाया गया है।
तीन दिन पहले कोरोना संक्रमण के चलते मौत का शिकार हुए व्यक्ति के संपर्क में रहने से संक्रमित हो गए। दरअसल मिठाई विक्रेता की दुकान संक्रमित मरीज के घर के बराबर में है। इन सभी मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की पड़ताल में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुट गई हैं। जिससे संपर्क में रहे लोगों की तलाश की जा सके और क्वारंटीन कर जांच कराई जा सके।