बहजोई में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण देते जिला निर्वाचन अधिकारी।
निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इसीलिए जनपद में 4603 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इन लोगों से शांतिभंग करने का खतरा है। 3155 लोगों को निजी मुचलके में पाबंद भी करा लिया गया है। बावजूद इसके चुनाव में शांतिभंग की तो भू राजस्व की तरह वसूली की जाएगी।
जनपद की संभल, चन्दौसी, बहजोई नगर पालिका और सिरसी, नरौली, गवां, गुन्नौर और बबराला नगर पंचायत में चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कसते हुए तैयारी पूरी कर ली है। चूंकि हरेक निकाय में ऐसे लोग हैं, जिनसे शांतिभंग करने की आशंका है। इसीलिए पुलिस ने लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालानी रिपोर्ट संबंधित एसडीएम को भेजी थी। आंकड़े पर नजर डालें तो जिले में 4603 लोगों से शांतिभंग करने का खतरा है।
इनमें से 3155 लोगों को निजी मुचलके में पाबंद कराया जा चुका है। जो लोग पाबंद नहीं हुए हैं, उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। बहरहाल, निजी मुचलके में पाबंद होने के बावजूद भी चुनाव के दौरान शांतिभंग की तो प्रशासन निर्धारित धनराशि वसूलने का काम करेगा।इसके अलावा जिले की सभी थाना पुलिस एलर्ट हैं। छोटे से छोटा विवाद होने की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए कार्रवाई कर रही है।