राज्य कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ देने के लिए अवकाश प्राप्त आईएएस जी पटनायक की अध्यक्षता में पहली बैठक हो चुकी है। लेकिन, मनरेगा मजदूरों को त्योहार पर भी बकाया मजदूरी भी नसीब नहीं हो रही है। इसके लिए ग्राम प्रधान और रोजगार सेवक के दरवाजे पर चक्कर लगाने का नतीजा भी सिफर ही रहा। संभल में फंड ट्रांसफर आर्डर जारी होने के बाद मनरेगा मजदूरों के 1.5 करोड़ रुपये फंसे हुए हैं। इसमें 25 लाख रुपये तो 23 जून 2016 से नहीं मिले। वहीं 1.25 करोड़ रुपये हाल में ही हुए काम के हैं। लेकिन, इसके भी एफटीओ जारी हो चुके हैं।
जुनावई ब्लाक में 16 जून 2016 से भुगतान फंसे हुए हैं। पांच हजार मजदूरों का 70 लाख रुपये बकाया है। असमोली ब्लॉक के 1200 से अधिक मजदूरों का भुगतान नहीं मिला है। भुगतान के संबंध में संभल में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक हरेंद्र सिंह ने बताया कि भुगतान आनलाइन होते हैं और जिस खाते से भुगतान होना है उसमें धनराशि न होने की स्थिति में आमतौर पर फंड ट्रांसफर आर्डर पेडिंग हो जाते हैं। इस संबंध में शुक्रवार को लखनऊ में मीटिंग है। वहां पर सही स्थिति पता लगेगी। भुगतान को जल्द से जल्द दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम पंचायत अधिकारियों से एडीओ का पंचायत का चार्ज छिनाः संभल/बबराला। ग्राम पंचायत अधिकारियों से संभल जिले में एडीओ पंचायत का चार्ज छीन लिया गया है। विभागीय सहायक विकास अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार देकर काम चलाया गया है। नई व्यवस्था में अब संभल के सहायक विकास अधिकारी पंचायत के पास पंवासा का भी कार्यभार रहेगा। जबकि, बहजोई के सहायक विकास अधिकारी अमर सिंह के पास बनियाखेड़ा का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। गुन्नौर के सहायक विकास अधिकारी को मुरारीलाल यादव को जुनावई का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।