संभल। मजिस्ट्रीयल जांच के लिए तय किया गया सात दिन का समय तो पूरा हो गया है लेकिन अभी किसी ने बयान भी दर्ज नहीं कराए हैं। इसलिए मजिस्ट्रीयल जांच प्रभावित है। आम आदमी के साथ अधिकारी भी बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे हैं। अब अधिकारियों के लिए मंगलवार को दिन तय किया है।
24 नवंबर को हुए बवाल के बाद डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मजिस्ट्रीयल जांच के लिए डिप्टी कलक्टर मुख्यालय दीपक चौधरी को जांच अधिकारी नामित किया था। दीपक चौधरी ने 28 नवंबर को आम लोगों को अपने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय बयान व साक्ष्य उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। जिससे मजिस्ट्रीयल जांच सही क्रम में आगे बढ़ सके लेकिन आम आदमी कोई नहीं पहुंचा। इसी तरह 30 नवंबर को संभल एसडीएम व सीओ समेत अन्य अधिकारियों को बुलाया गया था लेकिन वह भी बयान दर्ज कराने के लिए नहीं पहुंचे हैं। इसलिए मजिस्ट्रीयल जाचं तय समय सीमा सात दिन में पूरी नहीं हो सकी। अब मंगलवार को फिर से अधिकारी बयान के लिए बुलाए गए हैं।