संभल। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को जिला अस्पताल में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें रक्तदान करने वाले महादानियाें को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
रक्तदान शिविर में 18-60 वर्ष की आयु का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। आपका एक यूनिट रक्तदान असाध्य बीमारियों से जुझ रहे लोगों को नई जिंदगी देने में काम आएगा। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में शारीरिक जांच व अन्य कई तरह की जांच निशुल्क की जाएंगी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी नहीं आती है, बल्कि नई ऊर्जा मिलती है। इसलिए रक्तदान जरूर करना चाहिए।
रक्तदान करना मानवता की सेवा करने के लिए बड़ा कदम है। एक यूनिट से किसी की जान बच सकती है। इसलिए मानवता के हित में लोगों को ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करना चाहिए।