कलक्ट्रेट के बाहर एनएच पर बैठे किसान।
- फोटो : अमर उजाला
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का गुस्सा फूटा। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले भारी तादाद में किसान ट्रैक्टर-ट्राली व टाटा एस व बोलेरो आदि वाहनों में भरकर पहुंचे और कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करते हुए करीब पौन घंटे तक एनएच पर जाम लगाया। इस बीच किसानों ने मंडी समिति से लेकर कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए जमकर नारेबाजी की और केंद्र व प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी को कोसा।
बुधवार को सुबह 11 बजे करीब खासी तादाद में किसान अनाज मंडी समिति में पहुंचे। मंडी समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन व जाम की रणनीति तैयार कर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बिजेंद्र सिंह यादव व जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों व किसानों ने करीब साढ़े बारह बजे करीब मंडी समिति परिसर से पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट की ओर कूच किया। हाथ में झंडे लेकर किसान केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। करीब डेढ़ बजे किसान कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और परिसर में डेरा डाल दिया।
किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव व जिलाध्यक्ष का कहना था कि अब तक किसानों ने जिला प्रशासन की बात मानी है, इसी का नतीजा है कि चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान न मिलने के कारण किसान भुखमरी के कगार पर है। अब किसी की नहीं मानी जाएगी, अब तो किसान चीनी मिलों से अपना बकाया गन्ना भुगतान का रुपया लेकर ही रहेगा। जानकारी मिलने पर एडीएम संभल राजेंद्र प्रसाद यादव, एसडीएम चंदौसी महेश प्रसाद दीक्षित व सीओ चंदौसी गमलेश्वर विल्टोरिया ने भी किसान पदाधिकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने। करीब पौने दो घंटे तक किसानों ने डीएम दफ्तर के बाहर डेरा डाले रखा। इसके बाद करीब सवा तीन बजे भाकियू पदाधिकारी व किसानों ने कलक्ट्रेट के मेनगेट के बाहर पहुंचकर एनएच पर जाम लगा दिया। यहां भी भाकियू पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए अपनी मांगों को दोहराते हुए केंद्र व राज्य सरकार को जमकर कोसा।
एनएच पर भी एडीएम, एसडीएम व सीओ ने किसानों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन किसान मानने को तैयार नहीं हुए। करीब पौन घंटे तक कड़ी धूप में पसीना बहाते हुए किसानों ने एनएच पर बैठकर धरना दिया। इसके बाद एडीएम की ओर से दिए गए सोमवार को चीनी मिल की प्रंबंध समिति समेत दूसरे जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान कराए जाने व चीनी मिलों की ओर से छह करोड़ रुपये के बकाया गन्ना भुगतान को दिलाए जाने के आश्वासन के बाद भाकियू पदाधिकारी व किसान माने और एनएच पर से जाम खुल सका। इस बीच भाकियू पदाधिकारियों में मंडल उपाध्यक्ष सर्वेश यादव, जिला उपाध्यक्ष संजीव यादव, तहसील अध्यक्ष संजीव चौधरी, तहसील अध्यक्ष चंदौसी मोहर सिंह यादव, युवा जिलाध्यक्ष मुकेश यादव समेत रामाशंकर शर्मा हनुमान, सुलेराम व दलवीर आदि किसान पदाधिकारी व भारी संख्या में महिला व पुरुष किसान मौजूद रहे।