चंदौसी में भारत विकास परिषद की भारत को जानो सामान्यज्ञान प्रतियोगिता में विजेता बच्चे। स्रोत आय
चंदौसी(संभल)। भारत विकास परिषद शाखा चंदौसी की ओर से भारत को जानो सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के तहत प्रश्नोत्तरी का आयोजन शुक्रवार को झुन्नीलाल धर्मशाला में हुआ। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में नानक चंद इंटर कॉलेज और सीनियर में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज ने बाजी मारी।प्रतियोगिता में नगर के राजेश कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जगदीश सरन सर्राफ शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, नानक चंद आदर्श इंटर कॉलेज, चंदौसी इंटर कॉलेज, रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बीएमजी इंटर कॉलेज की जूनियर व सीनियर वर्ग की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप जलाकर प्रांतीय संयोजक डॉ. एसएस शर्मा और शाखा अध्यक्ष प्रभात कृष्णा ने संयुक्त रूप से किया।
जूनियर वर्ग में नानक चंद इंटर कॉलेज के छात्र दिव्यांशु और आशीष सिंह की टीम ने प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के धैर्य वार्ष्णेय और श्रेयश तिवारी की टीम ने द्वितीय, रामप्यारी कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा तृप्ति उपाध्याय और लक्ष्मी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सीनियर वर्ग की टीम में जगदीश सरन सर्राफ सरस्वती शिशु मंदिर के आशीष पंचाल व शांतनु उपाध्याय की टीम ने प्रथम, चंदौसी इंटर कॉलेज के विनय कुमार सागर व अभिषेक यादव की टीम ने द्वितीय, नानक चंद आदर्श इंटर कॉलेज के निखिल कुमार व दीपक सिंह की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता विजेता टीमें 30 नवंबर को मुरादाबाद में आयोजित प्रांत स्तरीय भारत को जानो सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। निर्णायक मंडल में आशा बिसारिया व रमेश अधीर रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. एसएन शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों को पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहने व अपने देश की संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर शाखा सचिव विपिन कुमार, संजीव शर्मा, डॉ. सुमन गुप्ता, जयशंकर दुबे, नरेश पाल यादव, रंजना देवी, शिवांगी, विनोद सिंह चौहान आदि का सहयोग रहा।