बहजोई नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही। सभासदों ने विकास के मुद्दों पर पालिकाध्यक्ष की ओर से गंभीरता न दिखाए जाने पर नाराजगी जताई। वहीं कुछ मुद्दों पर पालिकाध्यक्ष पति से कुछ सभासदों की नोकझोंक भी हुई। विकास के मुद्दे पर गंभीरता से कार्य किए जाने का पूरी तरह आश्वासन मिल जाने के बाद आक्रोशित सभासद शांत हुए।
गुरुवार को प्रस्तावित नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक निर्धारित समय पूर्वाह्न 11 बजे करीब शुरू हुई। सबसे पहले सभासदों को एजेंडे के बाबत जानकारी दी गई। इसके बाद कुछ सभासदों ने अपने-अपने वार्डों के विकास कार्य का मुद्दा उठाया। पालिकाध्यक्ष कमल वार्ष्णेय व पालिकाध्यक्ष पति पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू के समक्ष सभी सभासद अपने-अपने वार्ड की समस्या रख रहे थे।
अचानक दोपहर सवा बारह बजे पालिकाध्यक्ष पति व सभासद आयुष वार्ष्णेय समेत कुछ सभासदों में नोकझोंक शुरू हो गई। सभासदों का कहना था कि बिना सभासदों को संज्ञान दिए कई कार्य करा दिए जाते हैं। वाटर कूलर के लिए भी सभासदों की राय नहीं ली गई। इसके अलावा कई मुद्दों पर काफी देर तक नोकझोंक का माहौल रहा।
पालिकाध्यक्ष की ओर से आश्वासन मिलने के बाद सभासद शांत हुए। दोपहर सवा बारह बजे करीब बोर्ड बैठक का समापन कर दिया गया। अधिशासी अधिकारी बोर्ड बैठक से नदारद रहे। बैठक में शिवकुमार, अभय कुमार, जितेंद्र बरनवाल, मोहम्मद उमर, भूपेंद्र कुमार, लक्ष्मी देवी, विपिन कुमार, मोहम्मद इरफान व कपिल कुमार मौजूद रहे।