संभल। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने मदरसा बोर्ड परीक्षा 2025 का परीक्षाफल जारी किया है। मुंशी, मौलवी (सेकेंड्री-फारसी और अरबी) व आलिम (सीनियर सेकेंड्री अरबी व फारसी) का परीक्षाफल घोषित किया गया है। संभल की सेकेंड्री में मुस्कान और सीनियर सेकेंड्री में सिदरा तुल मुंतहा ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा में जिले के 25 मदरसों के कुल 859 छात्र-छात्राओं ने छह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी थी। इसमें सेकेंड्री के कुल 603, सीनियर सेकेंड्री के कुल 256 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। जबकि सेकेंड्री में 413 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की। जबकि सीनियर सेकेंड्री 235 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मदरसा अशरफिया सगीरून निशां निस्वा, संभल की सेकेंड्री में मुस्कान ने 600 में से 507 84.50 प्रतिशत अंक प्राप्त करके जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि मदरसा वारिस उल उलूम, शफातनगर के छात्र मो. फैजान ने 600 में से 504, 84 प्रतिशत अंक प्राप्त करके द्वितीय और मदरसा जामिया इमाम मेहंदी, सिरसी के छात्र फैजान आलम ने 600 में से 485 80.83 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तीसरा स्थान पाया है।
वहीं, सीनियर सेकेंड्री में मदरसा अशरफिया सगीरून निशां निस्वा की सिदरा तुल मुंतहा ने 500 में से 418, 83.60 प्रतिशत अंक प्राप्त लाकर पहला स्थान, मदरसा अशरफिया फसी उल्लाह के दिलशाद और मदरसा जियाउल उलूम के अम्मार हमदानी ने 500 में से 403, 80.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करके द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।