संभल। मेंथा की फसल की निराई करने गई महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। वस्त्रविहीन हालत में शव मिलने पर दुष्कर्म की आशंका है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस की चार टीमें वारदात के खुलासे में जुट गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया कृषि उपकरण खुरपा पुलिस ने बरामद किया है।
बुधवार की शाम असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में 36 वर्षीय महिला की लाश मक्का के खेत में वस्त्रविहीन हालत में मिली। महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। पीड़ित पति के अनुसार वह गुरुवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे अपनी पत्नी के साथ मेंथा की फसल की निराई करने के गया था। सुबह आठ बजे वह अपनी मां की दवाई दिलाने के लिए घर आ गया और अपनी मां को साथ लेकर मुरादाबाद चला गया। बताया कि सुबह 11 बजे उसकी दो बेटियां खाना लेकर खेत पर पहुंची थीं लेकिन पत्नी बेटियों को नहीं मिली। बेटियों ने इसकी जानकारी उसके छोटे भाई को दी लेकिन वह आसपास देखकर घर लौट आया।
पीड़ित ने बताया कि शाम को पांच बजे जब वह मुरादाबाद से लौटा तो उसकी बेटियों ने बताया कि उसकी पत्नी खेत पर नहीं मिली और अब तक घर भी नहीं लौटी है। इस जानकारी के बाद वह खेत पर तलाश करने पहुंचे इसी दौरान मक्का के खेत में वस्त्रविहीन हालत में लाश मिली। गर्दन पर कृषि उपकरण खुरपे से हमला किया गया था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि कृषि उपकरण खुरपा मौके से पुलिस ने बरामद किया है। परिजनों से जानकारी की जा रही है। सभी बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है। जल्द इस वारदात का खुलासा किया जाएगा।