शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव मौलागढ़ के भवानीपुर गैरआबाद स्थित चामुंडा मंदिर के नजदीक गुरुवार की रात प्लंबर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मौलागढ़ के मिलक निवासी गुलाब सिंह (22) पुत्र रामबहादुर प्लंबर हैं। गुलाब सिंह की रात में किसी समय हत्या की गई है। गुलाब सिंह के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। उंगलियां भी कटी हुई हैं। गुलाब सिंह का शव भवानीपुर गैरआबाद के जंगल में सेम के खेत में पड़ा होने की सूचना मोहल्ले में खेत पर काम करने गए व्यक्तियों ने दी। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाए हैं। हत्यारों के बारे में जानकारी के लिए सुराग तलाशे जा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि गुुरुवार को रात करीब साढ़े आठ बजे गुलाब सिंह घर से बिना बताए चला गया। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे भवानीपुर गैरआबाद के जंगल में चामुंडा के पास सेम के खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली। गुुलाब सिंह के भाई महावीर ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है।
हत्या की वजह भी साफ नहीं हो पा रही है। गुलाब सिंह प्लंबर का काम करता था।
-युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तथ्या जुटाए जा रहे हैं। सुराग तलाशे जा रहे हैं। जल्द ही हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।-इंद्रेश सिंह चाहर, प्रभारी निरीक्षक, चंदौसी।