महिला से मिलने गए बबराला के साइकिल मिस्त्री की हत्या कर दी गई। शव धनारी क्षेत्र के गांव खलीलपुर में साप्ताहिक बाजार के पास सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला, उसके पति सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सभी आरोपी भागे हुए हैं।
शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे धनारी थाना क्षेत्र के गांव खलीलपुर में साप्ताहिक बाजार के पास सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक बाइक खड़ी देखी। पास जाकर देखा तो सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव पड़ा था। गले पर रस्सी के निशान थे, नाक व कान से खून निकला हुआ था। सूचना पर सीओ बहजोई प्रदीप कुमार सिंह, थाना प्रभारी धनारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंच गए। तलाशी लेने पर युवक की जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान शिव कुमार उर्फ राजेश (28) पुत्र रामरतन निवासी मोहल्ला यादवान कस्बा बबराला के रूप में हुई। युवक साइकिल मिस्त्री था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पिता रामरतन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके बेटे शिवकुमार उर्फ राजेश की धनारी थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर अजमतनगर निवासी महिला मधु के घर आना जाना था। 28 जुलाई की शाम करीब छह बजे शिवकुमार परिजनों को मधु के घर जाने की बात कहकर गया था। बाद में उसका मोबाइल बंद मिला। बात न होने पर रात में उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। शुक्रवार की दोपहर 12 बजे फोन से शिवकुमार की मौत की सूचना मिली। रामरतन ने महिला मधु, उसके पति, गुड्डू, देवर प्रमोद पर घर बुलाकर धोखे से हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सड़क किनारे युवक का शव मिला है। उसकी पहचान बबराला निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या या हादसा इसकी जांच की जा रही है।
प्रदीप कुमार सिंह, सीओ बहजोई