धनारी। गांव रुस्तमपुर पीपलवाला में तीन माह पूर्व पेड़ से लटके मिले सतेंद्र (27) के शव के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक की पत्नी ने विशेष न्यायालय एससी/एसटी एक्ट, चंदौसी में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ बहजोई को सौंपी गई है।
गांव निवासी रिंकी पत्नी सतेंद्र ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति सतेंद्र की गांव के ही दो लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। दो जून को पति लापता हो गए थे। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 4 जून को पति का शव शव जंगल में पेड़ से लटका मिला था। आरोप है कि पति की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया था। तलाशी के दौरान पति की जेब से एक पर्ची भी मिली थी। रविवार को न्यायालय के आदेश पर थाना धनारी पुलिस ने गांव के ही अंकुश शर्मा और देवपाल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।