रुपये हड़पने के लिए की गई थी कृपाल और किरण की हत्या
कृपाल का ममेरा भाई निकला मास्टर माइंड , तीन हत्यारोपी गिरफ्तार, एक फरार
पांच सितंबर को रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव उमेदपुर डांडा के जंगल में की गई थीं दोनों हत्याएं
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव उमेदपुर डांडा के जंगल में पांच सितंबर की रात हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे का दावा किया है। रुपये हड़पने के लालच में घटना को अंजाम दिया गया। हत्याकांड को अंजाम देने की साजिश रचने वाला एक हत्यारोपी मृतक का ममेरा भाई निकला।
उमेदपुर डांडा के जंगल में पांच सितंबर की रात बदायूं जिले के थाना उझानी अंतर्गत गांव अचौरा निवासी कृपाल (55) पुत्र नारायन सिंह और दिल्ली के गांधी नगर अंतर्गत न्यू चांद मोहल्ला निवासी किरण सोन (52) पत्नी महेंद्र सोन की हत्या की गई थी। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बहजोई में दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इसमें अमरोहा जिले के थाना आदमपुर अंतर्गत गांव चकफेरी निवासी कैलाश पुत्र होराम सिंह, बदायूं जिले के थाना इस्लामनगर अंतर्गत गांव कंदरपुर निवासी मुकेश पुत्र नेत्रपाल और रजपुरा के पितांबर उर्फ सिकंदरपुर निवासी डोरीलाल पुत्र मुकंदी शामिल हैं। हत्याकांड में शामिल चौथा आरोपी पितांबरपुर उर्फ सिकंदरपुर निवासी राजू पुत्र नोबर भागा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह हत्याएं रुपये हड़पने के लिए की गई थीं। बताया कि महिला का बेटा दो महीने से लापता है। उसकी तलाश के लिए सभी आरोपी मृत महिला के साथ लगे हुए थे। इस दौरान इन्होंने जमीन दिलाने का झांसा दिया और इधर-उधर ले जाकर जमीन भी दिखाई। हत्यारोपी घटना के दिन महिला और उसके साथी कृपाल को लेकर आदमपुर गए थे। यहां किसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और रात के समय उमेदपुर डांडा के जंगल में ले जाकर हत्याएं कर दीं। हत्याकांड में मृतक कृपाल का ममेरा भाई मास्टरमाइंड है। आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है।