संभल। सपा सांसद डाॅ. शफीकुर्रहमान बर्क ने इस्राइल और फलस्तीन के बीच हो रहे युद्ध के रोके जाने की पैरवी करने के लिए भारत सरकार से अपील की है। कहा है कि भारत विदेश नीति के तहत हमेशा से फलस्तीन का समर्थन करता रहा है। इस बार भी फलस्तीन का समर्थन होना चाहिए। बुधवार को सांसद ने अपने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडियाकर्मियों से बात की।
कहा कि इस्राइल ने फलस्तीन के साथ जुल्म किया है। वर्षों से जुल्म करता आ रहा है। अब गाजा पट्टी को तबाह करना चाहता है। दुनिया तमाशा देख रही है। यह जुल्म दुनिया का मुसलमान देख रहा है और इस जुल्म को अब दुनिया का मुसलमान बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि यह जंग नहीं रुकी तो विश्व युद्ध हो सकता है और इससे दुनिया का नुकसान होगा।
सांसद ने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह ने भी हमेशा फलस्तीन का समर्थन किया। क्योंकि फलस्तीन कमजोर है और इस्राइल हमेशा से जुल्म करता रहा है। इसलिए भारत सरकार को चाहिए कि इस युद्ध को रोके जाने के लिए पैरवी करें और फलस्तीन के हक में खड़े हो जाएं।