संभल। न्यायिक जांच आयोग के सामने सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने शनिवार को बयान दर्ज नहीं कराए हैं। सांसद का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला। जबकि विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को 16 अप्रैल का समय मिला है।
24 नवंबर को हुए बवाल के मामले में त्रि-सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की जांच चल रही है। इस जांच में सांसद जियाउर्रहमान बर्क व विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल के भी बयान दर्ज किए जाने हैं। न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष की ओर से 26 मार्च को डीएम के लिए पत्र जारी किया गया था। जिसमें कहा गया था कि बवाल से जुड़े मामले में सांसद और विधायक के बेटे के बयान दर्ज किए जाने हैं। लेकिन शनिवार को सांसद जियाउर्रहमान बर्क बयान दर्ज कराने लखनऊ नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि उन्हें नोटिस नहीं मिला है। यदि अब नोटिस मिलता है तो बयान दर्ज कराने जाएंगे। जबकि विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को 16 अप्रैल का समय मिला है।
मालूम हो न्यायिक जांच आयोग में रिटायर्ड जज देवेंद्र अरोड़ा अध्यक्ष, पूर्व डीजीपी एके जैन और पूर्व आईएएस अमित मोहन प्रसाद सदस्य हैं। अलग-अलग समय में जांच से जुड़े मामले में बयान दर्ज भी कर चुके हैं।