संभल। गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर में मस्जिद और मदरसे पर रविवार को हुई कार्रवाई पर सपा सांसद जियाउर्रमान बर्क ने तीखी प्रतिक्रया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बर्क ने मंगलवार को लिखा है कि सरकारी जमीन के नाम पर लोगाें को बेघर किया जा रहा है। धार्मिक जगहों को तोड़ा जा रहा है। यह सुशासन नहीं डर का शासन है। बर्क ने अपनी टिप्पणी में कहा है कि सरकार और प्रशासन को समझना चाहिए कि संविधान बुलडोजर से बड़ा है। इंसाफ ताकत से नहीं कानून से होता है। संभल में जो हुआ वह कोई सामान्य सरकारी कार्रवाई नहीं थी। वह सत्ता की बेरुखी और जोर जबरदस्ती का खुला प्रदर्शन था। पहले कहा गया कि लोगों ने खुद मस्जिद तोड़ी, फिर बुलडोजर चलाकर मदरसा गिरा दिया।
सांसद ने लिखा है कि कहीं दो मस्जिदें, कहीं एक मदरसा और हर जगह गरीब और कमजोर लोग निशाने पर हैं। सवालिया लहजे में टिप्पणी की है कि क्या बिना बातचीत, बिना इंसानियत के सिर्फ बुलडोजर से इंसाफ होगा। इंसाफ ताकत से नहीं कानून से होता है।