बहजोई (संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को हुई जिला विकास समंवय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में सांसद जियाउर्रहमान बर्क विकास कार्याें पर हुए खर्च का ब्योरा मांगा। जनप्रतिनिधियों ने बिजली, स्वास्थ्य व शिक्षा के मुद्दे उठाए। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियांवयन पर चर्चा की।
सांसद ने मनरेगा की समीक्षा के साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लक्ष्य व खर्च हुई धनराशि की जानकारी उपलब्ध कराने और खराब सड़कों की मरम्मत कराने की बात कही है। प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की जानकारी ली। संभल विधायक इकबाल महमूद ने पवांसा ब्लॉक के गांवों में खराब हैंडपंप ठीक कराने को कहा। गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी ने गांव घोंसली राजा के परिषदीय विद्यालय में जल भराव की समस्या का निस्तारण कराने के लिए कहा। बैठक में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एडीएम प्रदीप वर्मा, सीएमओ डॉ. तरूण पाठक, पीडी ज्ञान सिंह, डीडीओ राम आशीष, डीएसटीओ रत्नेश कुमार, तरुण श्रीवास्तव व सुरेश प्रजापति व चंदौसी पालिकाध्यक्ष आदि मौजूद रहीं।
सांसद ने जिले में किसान कॉल सेंटर बनाए जाने के लिए कहा
सांसद जिया उर्रहमान बर्क ने दिशा की बैठक में कहा कि किसानों के लिए कॉल सेंटर बनना चाहिए। इसके बनने से यह लाभ होगा कि किसान अपनी समस्या रख सकेगा और किसानों की समस्या का जल्द समाधान हो सकेगा। इसके अलावा नए बिजलीघरों का निर्माण जल्द होना चाहिए। इससे किसान और आम लोगाें को राहत मिलेगी। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक और अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती की मांग की। संवाद
सांसद ने विद्युत विजिलेंस टीम की चेकिंग पर उठाए सवाल
दिशा की बैठक में सांसद जिया उर्रहमान बर्क ने विद्युत विजिलेंस की चेकिंग पर सवाल उठाए। कहा कि विजिलेंस की टीम की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। अधिकारियों को इस पर निगरानी करनी चाहिए। सांसद द्वारा उठाए गए सवाल पर डीएम ने विजिलेंस की टीम को नियमानुसार चेकिंग करने के निर्देश दिए। एसई विद्युत विनोद कुमार गुप्ता ने रिवैंप योजना में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।