मढ़न (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव पैतिया माफी में सोमवार को हुए दर्दनाक ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे के बाद पूरा गांव गमगीन है। एक ही खानदान की तीन महिलाओं की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
गांव पैतिया माफी के एक ही परिवार के 19 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सोमवार को मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव लतपुरा एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही ट्रॉली हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव फतेउल्लागंज पुलिस चौकी के पास पहुंची, अचानक एक्सल टूट गया और तेज रफ्तार ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मरने वालों में चंद्रवती (48) पत्नी हरकेश, ममता देवी (40) पत्नी दयाराम और ओमवती (52) पत्नी हरपाल थीं। तीनों रिश्ते में जेठानी-देवरानी थीं। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया।
मृतका ममता देवी के बेटे सोनू और अंकुर ने बताया कि उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद सोमवार देर रात ही अमरोहा जिले के तिगरी घाट पर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया गया। जबकि चंद्रवती और ओमवती के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। उनके बेटे अजय और उमेश ने बताया कि मंगलवार सुबह ब्रजघाट पर दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
16 घायलों में पांच की हालत
हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं। परिजनों ने बताया कि घायलों में प्रेमपाल सिंह, विजय सिंह, महेंद्र सिंह, वीरवती देवी और बाला देवी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर है। सभी का मुरादाबाद और संभल के निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने भी चिंता जताई है।एक ही परिवार में एक साथ तीन अर्थियां उठने से गांव में सन्नाटा है। जिस घर में खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।