बबराला (संभल)। गांव कैल के सामने मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव जयदासपुर निवासी दीनू (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त दीपक व योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
गांव जयदासपुर निवासी दीनू के परिवार में पत्नी के अलावा एक साल का बेटा है। परिजनों के अनुसार, दीनू और उसके दोस्त दीपक और योगेंद्र दिल्ली में रेहड़ी लगाकर परिवार को पालन पोषण करते थे। मंगलवार को तीन धनारी के गांव पाठकपुर में रेहड़ी लगाने के लिए जगह देखने के लिए आए थे। वहां से शाम को घर लौटते समय गांव कैल के पास सामने आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक व योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।
थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि बदायूं जनपद के थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर निवासी बोलेरो चालक राजेश को हिरासत में ले लिया है। साथ ही बोलेरो भी कब्जे में ले ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।