बनियाठेर(संभल)। थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे के न्यू बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक बबलू (22) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार जनपद रामपुर के थाना सैफनी के मोहल्ला भूड़ा निवासी बबलू और बिट्टू बच्चों के पालना व तकिया बेचकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के लिए ले जाते समय बबलू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल बिट्टू का इलाज जारी है।
बताया गया कि बबलू की मृत्यु के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही अपने घर ले गए। मृतक चार भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर का था। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां मोरकली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।