गवां (संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र में गवां-संभल मार्ग स्थित उधरनपुर खागी गांव के सामने सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गांव भैसरौली निवासी अवधेश (22) की मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक घटनास्थल से एक किमी आगे पिकअप छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव भैसरौली निवासी सुरेंद्र ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे उनका इकलौता बेटा अवधेश बाइक से गांव सिंघौला चेतसिंह में अपनी बहन के घर जा रहा था। गवां-संभल मार्ग स्थित गांव उधरनपुर खागी के सामने पहुंचने पर संभल की ओर से आए पिकअप चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक करीब एक किमी आगे वाहन छोड़कर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि करीब आठ माह पहले ही अवधेश का विवाह हुआ था।
सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद रजपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।