बनियाठेर(संभल)। फेसबुक पर हुए प्यार के सामने एक मां की ममता हार गई। विवाहिता अपने डेढ़ साल के मासूम को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। हालांकि परिजनों की तहरीर के बाद थाना पुलिस ने महिला को युवक के साथ बरामद कर बदायूं पुलिस को सौंप दिया है।थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जिला बदायूं के थाना बिल्सी क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी चार वर्ष पूर्व जिला रामपुर के शाहबाद क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। महिला का पति दिल्ली में रहकर वेल्डिंग का कार्य करता है। दोनों का एक डेढ़ साल का बच्चा भी है। कुछ दिन पूर्व महिला अपने मायके में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी। 18 सितंबर को वह अपने डेढ़ वर्ष के मासूम को मायके में छोड़ कर प्रेमी से मिलने चंदौसी रेलवे स्टेशन पहुंच गई। रेलवे स्टेशन से उसका प्रेमी उसे थाना बनियाठेर क्षेत्र के एक कस्बे में अपने घर ले गया।
देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने अगले दिन बिल्सी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। फिर थाना बनियाठेर की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के कस्बे से ही विवाहिता और उसके प्रेमी को 20 सितंबर दिन शनिवार को बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को बिल्सी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में विवाहिता अपने प्रेमी संग जाने की जिद पर ही अड़ी रही। जबकि, पति और उसकी मां ने मासूम बच्चे की दुहाई देकर उसे घर लौटने की गुहार लगाई, लेकिन मां का दिल मासूम की ममता पर भी नहीं पसीजा।