बनियाठेर। थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब तीन बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ पंजाब जाने की जिद पर अड़ गई। करीब तीन घंटे तक चली पंचायत में परिजन उसे समझाते रहे, जबकि पांच साल का मासूम मां से लिपटकर रोता रहा। इसके बावजूद महिला अपने दो बच्चों को गांव में छोड़ प्रेमी के साथ चली गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता कुछ माह पहले पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ घर छोड़कर पंजाब चली गई थी। वहां दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। करीब चार महीने बाद युवक बिना बताए गांव लौट आया। युवक के वापस आने की जानकारी मिलने पर महिला भी उसे तलाशते हुए गांव पहुंच गई।
गांव पहुंचने के बाद महिला युवक के साथ रहने की जिद करने लगी, लेकिन युवक ने उसे साथ ले जाने से इन्कार कर दिया। इस पर महिला बनियाठेर थाने पहुंची और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक को थाने बुला लिया। महिला अपने पांच साल के बेटे को भी साथ लेकर थाने पहुंची थी।
थाने में दोनों पक्षों के बीच करीब तीन घंटे तक पंचायत चली। परिवार और रिश्तेदार महिला को बच्चों के भविष्य का हवाला देकर समझाते रहे, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। आखिर में प्रेमी ने दोबारा साथ रहने पर सहमति जता दी।
जब महिला प्रेमी के साथ जाने लगी तो उसका पांच साल का बेटा मां से लिपटकर रोने लगा। बच्चे का चाचा उसे अपने पास रखने को तैयार था, लेकिन बच्चे के लगातार मां के साथ जाने की जिद करने पर परिजनों ने उसे महिला के साथ भेज दिया। महिला अपने दो अन्य बच्चों को गांव में ही छोड़कर प्रेमी के साथ पंजाब चली गई।
थाने में मौजूद लोग मासूम बच्चे की हालत देखकर भावुक हो उठे।