संभल। सिरसी-बिलारी मार्ग पर कार की टक्कर लगने से घायल बाइक सवार बेटे के बाद उसकी मां की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार की सुबह को मुरादाबाद से मेरठ जाते वक्त महिला की मौत हुई। मुरादाबाद जिले के थाना सोनकपुर क्षेत्र के गांव वरखेड़ा निवासी कल्लन का बीस वर्षीय पुत्र राहुल अपनी मां उर्मिला के साथ शुक्रवार की दोपहर दो बजे करीब बिलारी जा रहा था। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग पर सिरसी में मोड़ पर सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। इससे बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। राहुल की मौत तो शुक्रवार को ही हो गई थी। शनिवार को उसकी मां उर्मिला (45वर्ष) की भी मौत हो गई। एक साथ दो मौतों ने परिवार में कोहराम मचा दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि गाड़ी मिल गई है। चालक भागा हुआ है। तलाश की जा रही है।