संभल-मुरादाबाद मार्ग पर फिरोजपुर में सड़क हादसे में मां बेटे की जान गई तो परिजन बिलख पड़े।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। संभल-मुरादाबाद मार्ग स्थित फिरोजपुर पुल के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने शनिवार को दिन में 11 बजे बाइक सवार मां-बेटे को रौंद डाला। इसमें दोनों की मौत हो गई। चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। हादसा देख आसपास के लोग आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव बराही निवासी हसनैन अपनी मां अल्लादी परवीन के साथ शनिवार की सुबह फिरोजपुर गांव स्थित रिश्तेदारी के लिए निकला था। फिरोजपुर गांव के पास बाइक में हवा डलवाने के लिए हसनैन ने बाइक सड़क किनारे रोकी। जैसे ही बाइक रोकी तो संभल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सहित मां- बेटे को टक्कर मार दी। हसनैन (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वह खेती किसानी करता था।
उसकी मां अल्लादी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। हादसा देख आसपास के लोग वहां पहुंच गए। मां-बेटे को उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल ले आई।
चिकित्सकों ने हसनैन को मृत घोषित किया और उसकी मां अल्लादी परवीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया। मुरादाबाद की ओर जाते समय रास्ते में ही अल्लादी परवीन ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।