चंदौसी। जवाहर नवोदय विद्यालय के शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभिभावक अपने बच्चों 13 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विद्यालय के कक्षा छह की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए मारामारी मची हुई है। अब तक 80 सीटों के लिए करीब 2053 बच्चों के आवेदन आ चुके हैं। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की 13 दिसंबर को प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें उत्तीर्ण होने वालों का ही प्रवेश विद्यालय में हो सकेगा।
जिले का एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय गुन्नौर के रसूलपुर गांव के पास स्थित है। विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 29 जुलाई थी। विद्यालय की प्रधानाचार्या हेमलता नेगी बिष्ट ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि को आगे बढ़ाकर अब 13 अगस्त तक कर दिया गया है। अब तक 80 सीटों के लिए करीब 2053 आवेदन आ चुके हैं। प्रवेश की चयन प्रक्रिया 13 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
प्रधानाचार्या ने बताया कि प्रवेश के लिए पंजीकरण करने वाले बच्चे का मूल निवास प्रमाणपत्र उसी जिले का होना चाहिए, जहां के लिए वह आवेदन कर रहा है। साथ ही बच्चे ने कक्षा तीन, चार और पांचवीं की पढ़ाई सरकारी या फिर मान्यता प्राप्त स्कूल से की हो। प्रधानाचार्य ने बताया कि निर्धारित 80 सीटों में से 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
...........
ऐसे करें आवेदन:
सबसे पहले अधिकारिक वेबसाइट cbseitms.rcil.gov.in पर जाएं। होमपेज में class 6 Admission 2026 लिंक पर क्लिक करें। अब मांगी गई जरूरी जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें। फिर फार्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज का प्रिंट लें।
.........
आवेदन करने के लिए आवश्यक दस्तावेज
- पासपोर्ट साइज फोटो
- आधार कार्ड
- मूल निवास प्रमाणपत्र
-कक्षा पांच का रिपोर्ट कार्ड