संभल। गांव ऐंचोड़ा कंबोह स्थित कल्किधाम होकर गंगा एक्सप्रेसवे तक बनने वाले फोरलेन मार्ग के लिए सबसे ज्यादा भूमि चौबीस कोसीय परिक्रमा मार्ग पर खरीदी जाएगी। दो दिन के सर्वे में यह बात सामने आई है। पीडब्ल्यूडी और राजस्व की संयुक्त टीमें सर्वे पूरा करने में लगी हैं। जल्द ही सर्वे पूरा होगा।
संभल-जोया मार्ग से कल्किधाम होते हुए खिरनी इंटरचेंज गंगा एक्सप्रेसवे तक फोरलेन मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। मैपिंग के बाद अब तक जो सर्वे हुआ उसके मुताबिक, सबसे ज्यादा भूमि चौबीस कोसीय परिक्रमा मार्ग में खरीदी पड़ेगी। क्योंकि परिक्रमा मार्ग पर 15 मीटर चौड़ा बनना था, अब यह 24 मीटर चौड़ा बनेगा।
इस लिहाज से परिक्रमा मार्ग वाले गांव इमादुल मुल्क, रसूलपुर सराय, नरोत्तम सराय, गंदीपुरा, कंवलपुर सराय, रशीदपुर, बेनीपुर चक, चुहरपुर में जमीन ज्यादा जाएगी। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल सर्वे चल रहा है। यह सर्वे पूरा होगा, तभी जमीन फाइनल हो सकेगी। उम्मीद है कि एक दो दिन में सर्वे कार्य पूरा हो जाएगा।
00000
इन गांवों से होकर गुजरेगा फोरलेन मार्ग
गांव दबोई, शाहपुर सिरपुड़ा, भटपुरा, ऐंचोड़ा कंबोह, नगलिया कामगार, ज्ञानपुर सिसौना, चितावली, हाजीबेड़ा, रामपुर जट, मिर्जापुर ककरौआ, फत्तेहपुर देव, देहपा, गैलुआ, चंदावली, सिंहपुरसानी, कुरकावली, रिठाली, खग्गूपुरा, इमादुल मुल्क, नरोत्तम सराय, गंदीपुरा, रसूलपुर सराय, रसीदपुर, बेनीपुर चक, चुहरपुर, मूसापुर, बहादरपुर सराय उर्फ रायपुर और खिरनी मोहिउद्दीनपुर।
00000
मजबूत होगी सड़क कनेक्टिविटी, असमोली क्षेत्र को फायदा
संभल। करीब 40 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यह कार्य किया जाना है। इस मार्ग को 27 गांवों से होकर गुजारा जाएगा। इससे राह भी आसान होगी और असमोली क्षेत्र की गंगा एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। लोगों को भी सहूलियत मिलेगी। गांवों में खुशहाली आएगी। संवाद