सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव ठाठी में बुधवार देर रात चचेरे भाई को जबरन शराब पिलाने का विरोध करने पर चार सगे भाइयों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल रहा।
गांव ठाठी निवासी अवनीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 11:10 बजे वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के चार लोग उनके चचेरे भाई को जबरदस्ती शराब पिलाने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपी लाठी-डंडे लेकर छत पर चढ़ आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई बहन आदेश पत्नी सानिया राठी और भाई जीवाराम के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे बेहोश हो गए। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चारों लोगों को एंबुलेंस से उपचार के लिए संभल जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव ठाठी निवासी सुधीर, लोकेश, मुकेश और विक्रम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।