संभल। संभल विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान संभल के जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए जिला प्रशासन को 50 लाख रुपये दिए थे। विधायक ने यह धनराशि अपनी विधायक निधि से दी थी लेकिन अभी तक ऑक्सीजन प्लांट लगाने की दिशा में कोई काम नहीं हुआ। मंगलवार को जिलाधिकारी संजीव रंजन को पत्र लिखकर कहा है कि देश में तीसरी लहर आने की सम्भावनाएं चल रही हैं लेकिन अभी तक जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने संबंधी कोई औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकी। कहा कि तीसरी लहर की संभावना है और स्वास्थ्य विभाग चेत नहीं रहा है। धीमी गति से कार्य किए जा रहे हैं। वैक्सीन खत्म होने के बाद तत्काल मंगाई नहीं जा रही है। और तीसरी लहर की कोई तैयारी अब तक नहीं दिख रही। जल्द ही प्लांट की औपचारिकताएं पूर्ण करानी की मांग की गई है।