संभल। संभल के हयातनगर स्थित राजकीय महाविद्यालय द्वारा मिशन शक्ति अभियान के पांचवें दिन महिला सुरक्षा और महिला सम्मान एवं महिला सुरक्षा के विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर ऑनलाइन बेविनार आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के साथ ही 16 अभिभावकों ने महिला सम्मान की रक्षा करने की शपथ ली। इस वेबिनार में रामपुर लोक अदालत की स्थायी सदस्य गीता अग्रवाल ने महिला सुरक्षा के विभिन्न कानून प्रावधान विषय पर विस्तार से बताया। कहा कि घरेलू हिंसा, मातृत्व लाभ अधिनियम, कार्य स्थल पर महिलाओं का यौन शोषण, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, एसिड अटैक, ऑनर किलिंग, कन्या भ्रूण हत्या जैसे अपराधों के लिए कानून तो बने हैं लेकिन उसकी जानकारी नहीं होने के कारण लाभ नहीं उठा पाते। इसलिए जरूरी है कि जागरूकता फैलाएं और अत्याचारों का विरोध करना सीखें क्योंकि विरोध नहीं करने पर अपराध करने वालों का हौसला और बढ़ जाता है। महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार ने शासन द्वारा जारी किए गए आपातकालीन नंबर 1090, 112, 1076 के विषय में विस्तार से बताया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रभा शर्मा ने कहा कि महिला अपराध को रोकने के लिए कानून को सख्ती से लागू किया जाना आवश्यक है। वहीं, दूसरी ओर नारी सशक्तिकरण अथवा महिला सुरक्षा एवं सम्मान विषय पर कविता लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें एमए प्रथम वर्ष की छात्रा रिया ने प्रथम स्थान पाया। द्वितीय एकता व तृतीय सबा ने पाया।