बहजोई (संभल)। रजपुरा-बहजोई मार्ग पर स्थित टिकटा के पास रविवार की सुबह पुलिस और एक बदमाश में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में चौपा गांव में हेड मास्टर के बेटे घर डकैती का सरगना बदमाश चांद बाबू और हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से लूट का माल, बाइक व तमंचा बरामद हुआ है।
एएसपी श्रीश्चंद्र ने बताया कि रविवार की तड़के में सूचना मिली कि गांव चौपा में हेड मास्टर के बेटे के घर डकैती में शामिल बदमाश टिकटा चौराहे की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। बाइक पर आ रहे बदमाश ने पुलिस को देखकर फायर कर दिया। फायर हेड कांस्टेबल प्रवेश के बाएं हाथ में कोहनी से नीचे लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश भी घायल हो गया। गोली उसके दाएं पैर में जांघ में लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने पकड़ा लिया। बदमाश की पहचान चांद बाबू निवासी गांव पाठकपुर थाना बहजोई के रूप में हुई। उसके पास से एक तमंचा, तीन कारतूस, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त बाइक, हेड मास्टर के बेटे के घर से लूटा गया मंगलसूत्र, दो पाजेब, 1200 रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने घायल सिपाही व बदमाश को सीएचसी में भर्ती कराया है। सूचना पर मौके पर सीओ दीपक तिवारी भी पहुंच गए। टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र पंवार, सर्विलांस प्रभारी रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी दीपक राणा, एसआई अमित कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार, प्राशु कुमार, अश्वनी यादव आदि रहे।
बदमाश पर पहले दर्ज है पांच मुकदमे
मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश चांद बाबू पर बहजोई कोतवाली में पांच मुकदमें दर्ज हैं। इनमें चोरी का माल बरामद, डकैती, बरामदगी जानलेवा हमला आदि शामिल हैं।