चंदौसी (संभल)। राधा स्वामी सत्संग व्यास केंद्र चंदौसी के पदाधिकारियों ने डीआरएम को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक आशीष मिश्रा को दिया। जिसमें हावड़ा- अमृतसर डुप्लीकेट एक्सप्रेस को दोबारा से संचालित करने की मांग की गई।
सोमवार को शाम पांच बजे करीब व्यास के पदाधिकारी स्टेशन रोड स्थित मैरिज हॉल से पैदल मार्च करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां स्टेशन अधीक्षक आशीष मिश्रा से वार्ता कर ज्ञापन दिया। पूर्व अध्यक्ष शंकर लाल ने कहा कि हावड़ा- अमृतसर डुप्लीकेट एक्सप्रेस प्रतिदिन चंदौसी होकर चलती थी। कोरोना काल में ट्रेनों का संचालन बंद होने पर हावड़ा एक्सप्रेस भी बंद हो गई। लेकिन कोरोना काल खत्म होने के बाद से अभी तक ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हुआ। जबकि अन्य ट्रेनों का संचालन लगातार हो रहा है। बताया कि इस ट्रेन से बड़ी तादाद में लोग पंजाब में राधा स्वामी सत्संग व्यास जाते थे। साथ ही सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर समेत कई शहरों के लिए लोग सफर करते थे। कहा कि ट्रेन के बंद होने से तमाम लोगों को परेशानी होती है। अगर ट्रेन का संचालन दोबारा होगा तो रेलवे का राजस्व बढ़ेगा। इस दौरान सतीश अरोरा, मधुरेंद्र पाल, टीकम सिंह, रामवीर सिंह, रामकुमार मौर्य, मोहनलाल, श्याम किशोर, जगन्नाथ, राजेश कुमार, रामसेवक आदि थे।