संभल। तहसील क्षेत्र के गांव में फैले जानलेवा बुखार से एक महीने में 15 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। जगह-जगह शिविर लगा स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंची। जहां पर 700 से अधिक लोग बीमार मिले। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाइयां वितरित की गईं। जिन लोगों की तेज बुखार से हालत गंभीर बनी हुई है उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
मंगलवार को तहसील क्षेत्र के गांव भटौला में 125 मरीजों को दवाइयां वितरित कीं। वहीं गांव हजरतनगर गढ़ी 156, गांव पौटा में 163, फिरोजपुर में 164, और राया खुर्द में 105 मरीजों के परीक्षण कर दवाइयां दीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच टीमों का गठन किया गया। इसमें एक टीम गांव पौटा पहुंची जहां डॉ नीरज शर्मा का नेतृत्व रहा। गांव फिरोजपुर में डॉ सचिन गौतम और पल्लवी सिंह टीम के साथ पहुंची। भटौला में डॉ बुशरा जबीन, राया खुर्द में डॉ शमा असलम और हजरतनगर गढ़ी में डा. इंदू त्यागी ने शिविर का आयोजन किया। स्वास्थ्य शिविरों में 712 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाई दी गई। जो मरीज मलेरिया आशंकित मिले हैं, उनके खून के नमूने लिए गए हैं। गांव रायाखुर्द से आठ लोगों के नमूने लिए गए हैं। भटौला से छह और हजरतनगर गढ़ी से दस लोगों के नमूने लिए हैं। डाक्टरों ने बताया कि शिविरों के दौरान पहुंचे मरीजों में ज्यादातर बुखार से पीड़ित थे। इसके अलावा नजला, जुकाम, खांसी, उल्टी दस्त, बदन दर्द, पेट दर्द व खुजली के मरीजों ने भी दवाइयां लीं।
ओपीडी के बाद लगेंगे गांवों में शिविर
संभल। ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे जानलेवा बुखार की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने योजना बना ली है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टाफ ओपीडी के बाद दो घंटे अपने क्षेत्र के एक गांव में शिविर लगाएंगे। ऐसा करने से बुखार के प्रकोप पर रोकथाम लगेगी। संभल तहसील के तहत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुरसानी, चमरौआ और हजरतनगर गढ़ी में तैनात चिकित्सक प्रभारियों ने हजरतनगर गढ़ी, रायाखुर्द और भटौला में शिविर लगाए गए हैं।
आज लगेंगे इन गांवों में स्वास्थ्य शिविर
संभल। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को शिविरों का आयोजन किया जाएगा। गांव ईसापुर सुनवारी, हजरतनगरगढ़ी बाजार, मुकर्रबपुर, फूलसिंहा, ऐंचवाडा डींगर और मोहम्मदपुर मालनी में शिविर लगेंगे।
कोट
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्टाफ को आदेश कर दिए गए हैं कि वह एक सप्ताह तक टीम के साथ अपने क्षेत्र में शिविर लगाएंगे। शिविर लगाए जाने के बाद से बुखार के मरीजों में काफी सुधार हुआ है। डा. जुहेब करीम, चिकित्साधीक्षक।