बहजोई(संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने समर्थ उत्तर प्रदेश विकसित उत्तर प्रदेश-2047 अभियान के तहत कार्यक्रम कर मीडियाकर्मियों के साथ संवाद किया। शुक्रवार को मुख्य अतिथि प्रबुद्धजन महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के सेवानिवृत्त प्रोफेसर शिवकुमार तोमर ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के लिए मीडिया को आगे आना होगा। साथ ही कहीं भी यदि भ्रष्टाचार का मामला सामने आए तो उसे उजागर करना होगा। इससे शासन व प्रशासन उस पर कार्रवाई कर सकेंगे।
डीएम ने कहा कि समर्थ उत्तर प्रदेश विकसित उत्तर प्रदेश-2047 अभियान एक माह तक चलाया जाएगा। इसके तहत 12 सेक्टर चिह्नित किए गए हैं। इन पर कार्य किया जाएगा। इनके अलाव 13वां सेक्टर पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए चिह्नित किया है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना विचार या संकल्प साझा करें। सबसे अधिक सुझाव दिलाने वाले छह व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें प्रथम आने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपये, द्वितीय आने वाले को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर आने वाले व्यक्ति को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। शेष अन्य तीन विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस बीच डीएम ने क, ख, ग, घ पद्धति के आधार पर शिक्षा तथा शिक्षा में अ, आ, इ व ई के महत्व को भी बताया।
सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने बताया कि समृद्धि का शताब्दी वर्ष है। समर्थ, सशक्त व समृद्ध प्रदेश बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस बीच डीडीओ राम आशीष समेत डीएसटीओ रत्नेश कुमार व डीआईओ बृजेश कुमार आदि रहे।