संभल। आंधी से गांव चिमियावली स्थित मीट फैक्टरी की दीवार ढहने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों ने कार्रवाई से इनकार किया है। मीट फैक्टरी के मालिक से समझौते पर सहमति बन गई है।
बृहस्पतिवार की शाम 7.30 बजे करीब अमरोहा जिले के रहरा थाना अंतर्गत गांव दौरारा निवासी मजदूर नसीम (28) पुत्र रईस अहमद मीट फैक्टरी की दीवार के नीचे दबने से घायल हो गया था। संभल के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज आंधी और बारिश के चलते मीट फैक्टरी की दीवार गिर गई। इस दीवार की चपेट में नसीम आ गया। मृतक अपने पीछे पत्नी शाईस्ता और दो बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों ने बताया कि नसीम दो महीने से ही मीट फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था। कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।