पवांसा क्षेत्र के गांव धुरैटा में ग्राम समाज व श्मशान की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकानों पर कार्रवाई जारी है। तहसील प्रशासन की टीम मंगलवार को भी गांव पहुंची। टीम ने गांव में स्थित ग्राम समाज की भूमि पर हुए अवैध कब्जे की पैमाइश की। टीम ने लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी है। ऐसा न करने पर बुल्डोजर से ध्वस्त किया जाएगा।
गांव धुरैटा में मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे चकबंदी विभाग के कानूनगो दुर्गेश कुमार, लेखपाल किशनलाल और तहसील के लेखपाल सचिन यादव मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों की मौजूदगी में खाद के गड्ढ़े और श्मशान घाट की भूमि में बने मकान की पैमाइश की। चकबंदी विभाग और तहसील प्रशासन की टीम को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। टीम ने पैमाइश कर आख्या तैयार की है। जिसे एसडीएम को सौंपा जाएगा। बुधवार को फिर से मामले की जांच पड़ताल शुरू होगी। रविवार को भी गांव में खाद के गड्ढे में बने छह मकानों पर तहसील प्रशासन और थाना पुलिस की मौजूदगी में बुल्डोजर चल चुका है।