संभल। कैला देवी थाना क्षेत्र में संभल-आदमपुर मार्ग पर गांव रायपुर के पास खराब खड़े ट्रक में टाटा मैक्स पीछे से घुस गई। हादसे में मैक्स के चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से क्लीनर को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
रविवार को देर रात आगरा से सब्जी लेकर टाटा मैक्स मुरादाबाद जा रही थी। गांव रायपुर के पास जिओ पंप के सामने सड़क किनारे खराब ट्रक खड़ा था। देर रात करीब दो बजे मैक्स पीछे से ट्रक में घुस गई। राहीगीरों ने हादसे की सूचना खिरनी पुलिस चौकी को दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टाटा मैक्स में हाथरस के मधुगढ़ी निवासी क्लीनर आसिफ फंसा हुआ था। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आसिफ को बाहर निकाला गया। हादसे में आसिफ के अलावा मथुरा के गांव सेत निवासी चालक छोटू घायल हुआ। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से आसिफ की हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया गया।
चौकी प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि उपचार के लिए दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया था। संवाद