चंदौसी। विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता बढ़ाने और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में गणित, विज्ञान क्लबों का गठन किया जाएगा। क्लबों के माध्यम से शिक्षक छात्र-छात्राओं की अभिरुचि को बढ़ाने का काम करेंगे। इसके लिए शासन की ओर से कॉलेजों में बजट भी जारी किया जाएगा।
जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान और गणित क्लब का गठन किया जाएगा। जिसमें दोनों विषयों के होनहार छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। प्रभारी डीआईओएस कृष्ण कुमार ने बताया कि इन क्लबों में दस छात्र और दस छात्राएं सदस्यों के रूप में शामिल होंगे। क्लबों के माध्यम से गणित और विज्ञान विषय में रुचि बढ़ाने के साथ नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बच्चों को गणित के सिद्धांतों को रोचक ढंग से सीखने का मौका मिलेगा।
बताया कि क्लब का अध्यक्ष 11 वीं के उस होनहार विद्यार्थी को बनाया जाएगा, जिसने दसवीं में विज्ञान व गणित विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हो। साथ ही सचिव कक्षा दस का वह छात्र होगा, जिसने नौवीं में विज्ञान व गणित विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए होंगे। सहायक सचिव आठवीं में इन दोनों विषयों में सर्वाधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी को बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्लबों के गठन करने के लिए प्रधानाचार्यों को निर्देश दे दिए गए है।