सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव बसला की मढैया में शनिवार की रात दो घरों में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की पहली घटना अनिल सैनी के घर पर हुई। अनिल ने बताया कि शनिवार की देर रात मकान के पीछे से चोरों ने नकब लगाया था। नकब लगाकर घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।
कमरे में रखे संदूक में से 42 हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के अलग-अलग पेंडिल, एक जोड़ी पायल, पीतल के 8 बर्तन चोरी करके ले गए। सुबह में जब कमरे का गेट नहीं खुला तो पीछे जाकर देखा। इस पर चोरी की जानकारी हुई। सूचना पुलिस को दी गई। दूसरी घटना अरविंद सैनी के घर पर हुई।
पीड़ित अरविंद ने बताया कि घर के पीछे से चोरों ने नकब लगा लिया था। संदूक के ताले तोड़कर छह हजार रुपये की नगदी, पीतल के बर्तन और कपड़े चोरी कर लिए। करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी लोकेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि गांव बसला की मढ़ैया में चोरी होने की कोई सूचना नहीं है। मामले की जानकारी चौकी प्रभारी खिरनी मोहिउद्दीनपुर से कराई जाएगी। यदि पीड़ित के द्वारा घटना की तहरीर मिलती है, तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।