गुन्नौर। गांव कुहेरा निवासी देवकली (34) ने शनिवार देर रात कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। देवकली के पिता ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात किसी समय विवाहिता कमरे में फंदे से लटकी मिली। सुबह बरामदे में सो रहे बच्चे जब नींद से उठे, तो वे कमरे में गए, जहां अपनी मां का शव पंखे से लटकता हुआ देख उनकी चीख निकल गई। इसके बाद अन्य परिजन भी आ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतका के पिता महेंद्र पाल सिंह निवासी गांव शेरपुर थाना हयातनगर ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी बेटी ने 16 मई को फोन कर बताया था कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। जिसके बाद उसी दिन पिता अपनी बेटी की ससुराल पहुंचा, जहां ग्रामीणों के समझाने पर कि आगे से पति शराब नहीं पीएगा और न ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट करेगा। इसके बाद पिता अपने गांव लौट गया।
पिता ने बताया कि 18 मई की देर रात पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। पिता ने पुलिस से पति समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि महिला की मौत पर मायके वालों ने तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है जो रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।