छात्रा के साथ दुष्कर्म, मामला पुलिस तक पहुंचा, पंचायत ने कराया निकाह
कक्षा आठ की छात्रा से दुष्कर्म करने की बात पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताई
पुलिस कार्रवाई से पहले जिम्मेदारों ने कराई पंचायत, अब हुआ निकाह
संवाद न्यूज एजेंसी
संभल। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी के परिजनों ने पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू की तो पंचायत ने फैसला करा दिया। देर शाम निकाह करा दिया गया है। बुधवार को सुबह एक मोहल्ला निवासी किशोरी के परिजन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने तहरीर दी, जिसमें कहा कि 26 जनवरी को उनकी नाबालिग बेटी जो कक्षा आठ की छात्रा है वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक घर में घुस आया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिजनों का कहना है कि कई दिनों बाद नाबालिग ने जानकारी दी। सुनकर सभी के होश उड़ गए। पुलिस कार्रवाई की के लिए चले तो कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर दिया और निकाह कराने का भरोसा देकर समझौता करा दिया। लेकिन आरोपी युवक के परिजन अब निकाह से इनकार करने लगे। इस पर पीड़ित परिजनों ने तहरीर दे कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की तैयारी की तो कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर समझौते का प्रयास शुरू कर दिया। पंचायत बैठी और देर शाम पंचायत ने किशोरी का निकाह करा दिया है। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि इनका रिश्ता काफी दिनों से चल रहा था। किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अब दोनों पक्षों ने लिखकर दिया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।