संभल। शहर के हल्लू सराय से चौधरी सराय तक चौड़ीकरण की जद में 26 मकान और दुकान आ गए हैं। तीन से छह फीट तक इन्हें तोड़ा जाएगा। इनको चिह्नित कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय में यह अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मकान मालिकों व दुकानदारों स्पष्ट कह दिया गया है। शुक्रवार को लोकनिर्माण विभाग की टीम के साथ विनियमित क्षेत्र के जेई और लेखपाल ने चौधरी सराय से भगत सिंह चौक तक पैमाइश की। इस दौरान 27 स्थानों पर तीन से छह फीट तक अतिक्रमण पाया गया। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील प्रकाश ने बताया कि चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जानी है। इसलिए पैमाइश कराई गई है। यह अतिक्रमण 27 स्थानों पर चिह्नित किया गया है। अभी आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। चंदौसी चौराहे से चौधरी सराय तक मार्ग की दोनों साइड पर यह अतिक्रमण हटाया जाना है। सभी अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह खुद ही अतिक्रमण हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो नगर पालिका द्वारा यह अतिक्रमण हटाया जाएगा।