संभल। भाई-बहन के प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बाजार सजकर तैयार हैं। बाजारों में विभिन्न डिजाइन और रंग वाली राखियां और बहनों के लिए उपहार जमकर बिक रहे हैं। इस बार लाइट वाली, रेजिन और स्टोन वाली राखियों की खासी डिमांड है।
रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है। इस बार पारंपरिक, स्टोन और मोती राखियां सबसे अधिक पसंद की जा रही हैं, जबकि बच्चों के लिए स्माइली, कार्टून और खिलौनों वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। डिजिटल दौर में ऑनलाइन शॉपिंग का चलन लगातार बढ़ा है, लेकिन रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार पर स्थानीय बाजारों की रौनक बरकरार है। बाजार में राखियों की कीमत 20 रुपये से शुरू होकर करीब 500 रुपये तक है।
व्यापारी संतोष देवल ने बताया कि इस बार स्टोन, मोती, रेजिन और मारवाड़ी राखियों की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा बच्चों के लिए इस बार लाइट वाली राखी भी है। इसमें छोटा सेल लगा है। इसके अलावा स्माइली और खिलौने वाली राखियां भी मौजूद हैं।
व्यापारी मदन चावला ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ा जरूर है, लेकिन रक्षाबंधन पर अधिकांश ग्राहक दुकान पर आकर ही राखी खरीदना पसंद करते हैं। ग्राहक राखी की डिजाइन, फिनिशिंग और गुणवत्ता देखकर ही खरीदारी करते हैं।