रजपुरा में बारिश के बाद बाजार में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के कुछ भागों में मानसून के आगमन की पहली बारिश में बादल झमाझम बरसे। करीब दो घंटे तक हुई बारिश से रजपुरा व बबराला की गलियों में पानी भर गया। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।
यह बारिश किसानों के संजीवनी साबित हुई जिससे सूखी जमीनों को जोतने का समय आ गया। मंगलवार को मध्यरात्रि में करीब साढ़े बारह से तेज हवाओं के साथ क्षेत्र में हल्की बूदांबांदी शुरू हुई। जिसके बाद बादल गरजे और झमाझम बरसात शुरू हो गई। बबराला व रजपुरा क्षेत्र में करीब दो घंटे बरसात हुई जिससे मौसम ने करवट ली।
कस्बा बबराला में बरसात से गलियां पानी से सराबोर हो गई। वहीं रजपुरा क्षेत्र के मुख्य बाजार में पानी भर गया। बारिश का परिक्षेत्र गुन्नौर के कस्बा गवां से लेकर रजपुरा, बबराला के अलावा भकरौली तक रहा। राजघाट के गंगा किनारे और धनारी क्षेत्र में हल्की बूंदा-बांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली।